शहर की सड़कों पर चल रहे मिनी डोर वाहनों में लगातार हो रही ओवरलोडिंग की घटनाओं पर आखिरकार ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। शनिवार को जावरा के एक भीड़भाड़ वाले इलाके में ट्रैफिक पुलिस ने एक मिनी डोर वाहन को पकड़ा जिसमें क्षमता से कई गुना अधिक यानी 14 सवारी भरी गई थीं। नियमों की सरेआम धज्जियाँ उड़ाते हुए इस वाहन को ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर ही रोका और चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, आमतौर पर मिनी डोर या छोटे यात्री वाहन जैसे टाटा मैजिक और पीआई (PI) जैसे वाहनों में 6 से 8 सवारी (ड्राइवर के अलावा) ले जाना ही वैध होता है। इनकी सीटिंग क्षमता मॉडल और रजिस्ट्रेशन के आधार पर निर्धारित की जाती है। ज़्यादातर मिनी डोर में 7 सीटर (6 पैसेंजर + 1 ड्राइवर) की परमिट होती है।
14 सवारी ले जाना सीधी ओवरलोडिंग की श्रेणी में आता है, जो यात्री सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है। ऐसे में न केवल यात्री दुर्घटना के शिकार हो सकते हैं बल्कि वाहन नियंत्रण से बाहर भी हो सकता है। ट्रैफिक विभाग के मुताबिक, ओवरलोडिंग पर भारी जुर्माना और वाहन जब्ती जैसी कार्रवाइयाँ की जा सकती हैं।